सामयिक चर्चा
एक स्कूली छात्र के प्रश्न-पत्र में एक सवाल था– ‘ऐसा क्या है, जिसके बिना आपका जीवन नहीं चल सकता?’ क्या आप अनुमान लगा सकते हैं कि बच्चे ने क्या उत्तर लिखा होगा?
उत्तर में लिखा था– ‘इंस्टाग्राम’!

यह उत्तर पढ़कर हमें शायद थोड़ा अटपटा लगे! संभवतः हमारे मन में आया हो कि वैसे तो हम भी फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, यू-ट्यूब आदि सोशल मीडिया देखते हैं, पर हम इस बच्चे जैसे तो नहीं हैं।
हम भी सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन हमें इसकी लत नहीं लगी है। हम सोशल मीडिया एडिक्ट नहीं हैं!
क्या सच में ऐसा है? क्या आप सोशल मीडिया की लत वाले ग्रुप के सदस्य नहीं हैं? आइए, इसे थोड़ा और गहराई से जानने का प्रयास करते हैं। इसी विषय पर कुछ शोध हुए हैं,
जिससे यह पता लगाया जा सकता है कि कोई सोशल मीडिया एडिक्ट है या नहीं।
नीचे 12 परिस्थितियाँ दी गई हैं।आपको इन्हें पढ़कर यह बताना है कि क्या आप भी ऐसा ही करते हैं?
सोशल मीडिया एडिक्शन चेकलिस्ट (12 परिस्थितियाँ)
- इंस्टाग्राम पर बस दो-तीन मोटिवेशनल रील देखने के लिए बैठे। पर एक के बाद एक रील देखते रहे
- और कब दो-चार घंटे बीत गए, इसका पता ही नहीं चला।
- थोड़े-थोड़े समय के बाद फोन उठाकर चेक करते हैं कि कोई मैसेज या नोटिफिकेशन तो नहीं आया है।
- सोशल मीडिया पर लगे रहने के कारण आपके रिश्तों में कभी-कभी नोंक-झोंक हो जाती है।
- काम करते समय सोशल मीडिया एप खोल लेते हैं, जिसकी वजह से आधे घंटे के काम को पूरा होने में 1-2 घंटे लग जाते हैं।
- अपने क्रिएटिव (रचनात्मक) और प्रोडक्टिव (उत्पादक) शौक छोड़कर सोशल मीडिया पर लगे रहते हैं।
- कभी इंटरनेट कनेक्शन न मिल पाने के कारण, जब आप सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं, तो आप चिड़चिड़े हो जाते हैं।
- सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने की एक अवधि निश्चित करने के बाद भी,
- उसे नज़रअंदाज़ कर कई घंटों तक रील्स, मैसेज, वीडियो या फोटो देखते रहते हैं।
- सोशल मीडिया इस्तेमाल करने की वजह से आँखों और सिर में दर्द होता है।
- बीमार होने पर भी इंस्टाग्राम, फेसबुक, यू-ट्यूब देखते रहते हैं।
- गाड़ी चलाते हुए, खाना बनाते हुए, सड़क पार करते हुए भी ध्यान सोशल मीडिया की रील देखने या मैसेज पढ़ने में ही होता है।
- ऑफिस के लोगों के बीच, घर-परिवार के सदस्यों के बीच, दोस्तों के साथ अथवा समारोह में बैठे हुए भी सोशल मीडिया को देखते रहते हैं।
- अपनी पोस्ट या इंस्टाग्राम या व्हाट्सएप स्टेटस को बार-बार खोलकर देखते रहते हैं कि उसको कितने लोगों ने देखा या लाइक किया।
निष्कर्ष एवं समाधान
पाठकगणों! इन 12 में से यदि 2 से ज़्यादा स्थितियों में आपका उत्तर ‘हाँ’ है, तो शोध कहते हैं
कि आपके कदम सोशल मीडिया की लत की ओर बढ़ चुके हैं। सावधान हो जाइए!
क्योंकि सोशल मीडिया की लत से जीवन के कई पहलू– जैसे काम, पढ़ाई, रिश्ते, स्वास्थ्य और नींद
इतने बुरी तरह प्रभावित होते हैं कि इंसान शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक व आर्थिक रूप से कमज़ोर होता जाता है।
इसलिए जितना जल्दी हो सके, सोशल मीडिया की लत को अपने जीवन से दूर करने का प्रयास करें।
जैसे शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खान-पान का व्रत करते हैं, वैसे ही हर प्रकार के स्वास्थ्य के लिए
डिजिटल व्रत को अपनाएँ। सप्ताह में कम-से-कम एक दिन तो फोन-लैपटॉप आदि से अवश्य दूर रहें।



